थाना रावणवाड़ा द्वारा ग्लोबल स्कूल, बायपास रावणवाड़ा में ऑफलाइन साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 200 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने सहभागिता की। एसडीओपी परासिया श्री जितेन्द्र सिंह जाट, निरीक्षक श्रीमती कंचन सिंह राजपूत एवं आरक्षक श्री सनत तिवारी द्वारा साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। प्रतिभागियों को एनसीआरपी (NCRP) पोर्टल एवं हेल्पलाइन 1930 के उपयोग की जानकारी देते हुए बताया गया कि साइबर अपराध की घटना होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराना क्यों आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान क्यूआर कोड फ्रॉड, ऑनलाइन पेमेंट सुरक्षा, फर्जी कॉल, लिंक एवं सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए गए। साथ ही साइबर सुरक्षा संबंधी पम्पलेट वितरित कर लोगों को सतर्क एवं जागरूक रहने का संदेश दिया गया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों और शिक्षकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस एवं संबंधित हेल्पलाइन पर दें, ताकि साइबर अपराधों की प्रभावी रोकथाम की जा सके।