भोपाल। तुलसी नगर स्थित करुणा बुद्ध विहार में अश्विनी पूर्णिमा के पावन अवसर पर पूज्य भन्ते प्रियबोधि जी के वर्षावास समापन के अवसर पर धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ फूलों से आकर्षक रंगोली सजाने और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर पूज्य भन्ते जी के सान्निध्य में महापरित्राण पाठ संपन्न हुआ।

महापरित्राण पाठ के माध्यम से विश्व शांति, मानव कल्याण, सुख-समृद्धि और सभी प्राणियों के मंगल की कामना की गई। बुद्ध वंदना एवं बौद्ध परंपराओं के अनुरूप आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धा और आध्यात्मिकता का वातावरण रहा।

वर्षावास बौद्ध परंपरा का महत्वपूर्ण अवसर है। इस अवधि में भिक्षु धम्म के अध्ययन, साधना और आत्मचिंतन पर विशेष ध्यान देते हैं। वर्षावास का समापन भगवान बुद्ध की शिक्षाओं को जीवन में अपनाने तथा शील, करुणा और प्रज्ञा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित उपासक-उपासिकाओं ने भगवान बुद्ध के बताए मार्ग पर चलने तथा समाज में मैत्री, करुणा, प्रज्ञा और बंधुत्व की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में बौद्ध उपासक-उपासिकाएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

30 अक्टूबर को होगा मुख्य आयोजन

वर्षावास के उपलक्ष्य में मुख्य धार्मिक आयोजन 30 अक्टूबर 2026 को पूज्य भदन्त ज्ञानज्योति महाथेरो एवं भिक्षु संघ की उपस्थिति में भव्य स्तर पर आयोजित किया जाएगा।यह जानकारी दि बुद्धिस्ट सोसायटी ऑफ इंडिया के जिला महासचिव अशोक पाटिल ने दी।