नोएडा। अंतरराष्ट्रीय एमएसएमई दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा में आयोजित यू.पी. इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) के चौथे संस्करण की कर्टेन रेजर सेरेमनी में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने नोएडा एवं दादरी विधानसभा क्षेत्रों में 2,479 करोड़ रुपये की लागत से नोएडा प्राधिकरण के मुख्य प्रशासनिक भवन सहित 70 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को टूल किट, चेक एवं प्रशस्ति-पत्र वितरित किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार की उद्योग, निवेश और एमएसएमई को प्रोत्साहित करने वाली नीतियों के कारण उत्तर प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बनकर उभर रहा है। उन्होंने कहा कि आधुनिक अवसंरचना, उद्यमिता संवर्धन और रोजगार सृजन के माध्यम से प्रदेश आत्मनिर्भर और विकसित अर्थव्यवस्था की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।