भोपाल। रवींद्र भवन के अंजनि सभागार में आयोजित भव्य संगीत संध्या ने शहर के संगीत प्रेमियों को यादगार शाम का अनुभव कराया। कार्यक्रम का आयोजन श्रीमती नंदिनी सोमानी ने किया, जबकि व्यवस्थापन की जिम्मेदारी श्री अनिल सोमानी और समन्वय का दायित्व डॉ. ज्ञानेश शाक्य ने निभाया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संगीत प्रेमी उपस्थित रहे और कलाकारों की प्रस्तुतियों का भरपूर आनंद लिया।

       कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक श्री विश्वास सारंग रहे। विशेष अतिथि के रूप में श्रीमती कृष्णा गौर तथा एक्सीलेंट टाइम एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड, भोपाल के मैनेजिंग डायरेक्टर श्री हरिओम जठिया उपस्थित रहे। सम्मानित अतिथियों में श्रीमती बगीता डोंगरे, श्री सुमंत सोनी, श्री पलाश साहू और श्री गणेश पांडे शामिल थे।

संगीत संध्या का आकर्षण बेबी ब्लेसी सोमानी द्वारा प्रस्तुत शीर्षक गीत "हम तेरे प्यार में सारा आलम" रहा, जिसे श्रोताओं ने खूब सराहा। वहीं पेशेवर गायक अभिषेक विश्वकर्मा और बेबी ब्लेसी की युगल प्रस्तुति "हाय रामा ये क्या हुआ" ने सभागार में तालियों की गूंज बिखेर दी। जन्हवी सिंह की गजल "कोई फरियाद" ने भी श्रोताओं का मन मोह लिया।

आयोजिका नंदिनी सोमानी ने "सोलह बरस की" गीत प्रस्तुत किया, जबकि अभिषेक विश्वकर्मा ने "निंदिया से जागी बहार" और "सैया" जैसे गीतों से समां बांध दिया। इसके अलावा राकेश श्रीवास्तव, डॉ. ज्ञानेश शाक्य, डॉ. शेफाली, डॉ. सुनील सहनी, डॉ. छाया बाथम, ऋषिकेश थालनेरकर, सुनयना तिवारी, मीता दास, अजय पाटिल, आशीष खजांची, मनोज सक्सेना, हरीश जहांगीर और साजिश नायर सहित अनेक प्रतिष्ठित कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को यादगार बना दिया। देर शाम तक चले इस आयोजन में दर्शकों ने हर प्रस्तुति का उत्साहपूर्वक स्वागत किया और कलाकारों का तालियों से अभिनंदन किया।