फिरोजाबाद। विश्वविख्यात संत श्री बाबा नीब करौरी महाराज की जन्मस्थली अकबरपुर में प्रस्तावित भव्य कॉरिडोर के निर्माण की प्रक्रिया तेज हो गई है। करीब पांच हेक्टेयर क्षेत्र में बनने वाले इस कॉरिडोर में परिक्रमा मार्ग, पार्किंग सहित श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी। परियोजना के लिए जमीन अधिग्रहण को लेकर प्रशासन ने अकबरपुर पहुंचकर ग्रामीणों और जमीन मालिकों के परिवारों से बातचीत की।
एसडीएम टूंडला दिव्या सिंह और पर्यटन अधिकारी अकबरपुर पहुंचे। अधिकारियों ने परिवार के सदस्यों से जमीन से संबंधित जानकारी ली और उनकी सहमति तथा समस्याओं पर चर्चा की। बैठक में बाबा के बड़े बेटे स्वर्गीय अनेक सिंह शर्मा के पुत्र धनंजय सिंह तथा छोटे बेटे स्वर्गीय धर्म नारायण शर्मा की छह बेटियों सुनीता शर्मा, अर्चना शर्मा, वंदना शर्मा, भावना रावत, ऋतु तिवारी और ऋचा रावत सहित अन्य परिजन शामिल हुए।
प्रशासन ने बताया कि कॉरिडोर निर्माण के लिए जमीन मालिकों को सर्किल रेट के सापेक्ष चार गुना मुआवजा दिया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार बातचीत अब तक सकारात्मक रही है और सभी पक्ष कॉरिडोर निर्माण के संबंध में सहमत नजर आए। प्रस्तावित कॉरिडोर की सीमा में करीब 10 अन्य जमीन मालिक भी हैं, जिनसे भी प्रशासन और पर्यटन विभाग संवाद करेगा।
अधिकारियों ने बताया कि अगली बैठक 2 सितंबर को प्रस्तावित है। इसमें जमीन अधिग्रहण और परियोजना से जुड़े अन्य बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। जन्मस्थली को धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में पहले से भी कार्य चल रहा है।