मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से समत्व भवन में मध्यप्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस पुरस्कार 2026 के अंतर्गत सायबर सुरक्षा श्रेणी में मध्यप्रदेश को प्रतिष्ठित रजत पुरस्कार प्राप्त हुआ है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विभाग के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने नगरीय विकास एवं आवास विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री संजय दुबे, आयुक्त श्री संकेत भोंडवे, अपर आयुक्त श्री दिव्यांक सिंह सहित पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सम्मान प्रदेश में डिजिटल सुशासन, पारदर्शी प्रशासन और नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में किए गए सतत प्रयासों का परिणाम है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार आधुनिक तकनीक के माध्यम से शासन व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि नगरीय विकास एवं आवास विभाग द्वारा विकसित ई-नगरपालिका प्लेटफॉर्म ने नगरीय प्रशासन से जुड़ी विभिन्न सेवाओं को सरल, सुगम और पारदर्शी बनाया है, जिससे आम नागरिकों को बेहतर और त्वरित सुविधाएं प्राप्त हो रही हैं।
मुख्यमंत्री ने ई-गवर्नेंस, सायबर सुरक्षा और डिजिटल नवाचार के क्षेत्र में विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की विशेष प्रशंसा करते हुए कहा कि मजबूत सायबर सुरक्षा व्यवस्था, सुरक्षित डेटा प्रबंधन और भरोसेमंद ऑनलाइन सेवाओं के कारण मध्यप्रदेश ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी प्रदेश डिजिटल प्रशासन और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा तथा नागरिकों को और अधिक गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराएगा।
Continue With Google
Comments (0)