मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा ने भोपाल प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री निवास में सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने समकक्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया और दोनों नेताओं के बीच विभिन्न विषयों पर आत्मीय चर्चा हुई। इस अवसर पर त्रिपुरा के मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती स्वप्ना साहा भी उपस्थित रहीं। मुलाकात के दौरान दोनों राज्यों के बीच आपसी सहयोग, सांस्कृतिक संबंधों तथा विकास के विभिन्न आयामों पर विचार-विमर्श हुआ। मुख्यमंत्री निवास परिसर की सुव्यवस्थित बनावट, हरित वातावरण और उपलब्ध सुविधाओं की भी डॉ. साहा एवं उनकी धर्मपत्नी ने सराहना की।
डॉ. माणिक साहा भोपाल में आयोजित एओएमएसआई मिड-टर्म कन्वेंशन एवं एओएमएसआई पोस्टग्रेजुएट कन्वेंशन–मिडकॉम्स 2026 के शुभारंभ समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए आए थे। कार्यक्रम में उन्होंने चिकित्सा शिक्षा, आधुनिक तकनीकों और विशेषज्ञों के अनुभवों के आदान-प्रदान को स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताया।
भोपाल का प्राकृतिक सौंदर्य और बड़ी झील ने किया प्रभावित
भोपाल प्रवास के दौरान त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा और उनकी धर्मपत्नी श्रीमती स्वप्ना साहा ने शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भी भ्रमण किया। उन्होंने विशेष रूप से प्रसिद्ध बड़ी झील (बड़ा तालाब) का अवलोकन किया और उसके प्राकृतिक सौंदर्य की प्रशंसा की। हरियाली, स्वच्छ वातावरण और झील का मनोहारी दृश्य उन्हें बेहद पसंद आया।
डॉ. साहा ने कहा कि भोपाल का प्राकृतिक सौंदर्य, शांत वातावरण और सुव्यवस्थित शहरी विकास इसे देश के सुंदर शहरों में विशिष्ट स्थान प्रदान करता है। उन्होंने शहर की सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन स्थलों की भी सराहना की। यह यात्रा दोनों राज्यों के बीच सौहार्दपूर्ण संबंधों को और मजबूत बनाने के साथ-साथ पारस्परिक सहयोग और संवाद को नई दिशा देने की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण रही।
Continue With Google
Comments (0)