भोपाल। दक्ष अम्ब्रोस इम्पावरमेंट सोसायटी द्वारा हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी संत रविदास नगर, बरखेड़ा में स्वतंत्रता दिवस उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के साथ हुई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने भारत माता की जय के नारों के साथ स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक याद किया।
कार्यक्रम में बच्चों को देश की आजादी का इतिहास सुनाया गया और उन्हें बताया गया कि हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में खुली हवा में सांस ले रहे हैं। बच्चों को देश के प्रति अपने कर्तव्यों का पालन करने और समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, विज्ञान, खेल और सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर देश, प्रदेश, जिले और परिवार का नाम रोशन करने का संदेश दिया गया। साथ ही परिवार में आपसी सम्मान और सामाजिक मूल्यों को अपनाने पर भी जोर दिया गया।
पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी देखभाल करने तथा सिंगल यूज़ प्लास्टिक और डिस्पोजल सामग्री का उपयोग बंद करने का संकल्प भी लिया गया।
कार्यक्रम में सोसायटी की संस्थापक भारती सोनकर, वरिष्ठ समाजसेवी एवं अधिवक्ता एम. रवि सहित बड़ी संख्या में बच्चे और महिलाएं उपस्थित रहीं।