नई दिल्ली, 12 अगस्त 2026। हरियाली अमावस्या के पावन अवसर पर नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने किया। देशभर से आए संत-महात्माओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, पर्यावरण प्रेमियों और विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए पौधारोपण किया।
कार्यक्रम में ब्रह्म ऋषि जय गोविंदाचार्य जी महाराज, रामानंदाचार्य राष्ट्रीय संत महंत श्रवण दास जी महाराज, दिल्ली सरकार के जल मंत्री श्री प्रवेश वर्मा तथा दिल्ली सरकार के मंत्री श्री मनजिंदर सिंह सिरसा सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
अवनी वेलफेयर सोसायटी (NGO) की ओर से श्री विजय गुप्ता एवं श्री श्याम मोहन यादव ने कार्यक्रम में सहभागिता कर वृक्षारोपण किया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संदेश दिया गया।
केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति, मातृत्व और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी माँ के नाम पर कम से कम एक पौधा लगाए और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाए।
कार्यक्रम में संत-महात्माओं और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। हरियाली अमावस्या पर आयोजित यह अभियान प्रकृति संरक्षण के साथ जनभागीदारी और पर्यावरण जागरूकता का प्रेरणादायक संदेश दे गया।