भोपाल। सावन के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी के अवसर पर पीरगेट स्थित बड़े वाले महादेव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

वहीं, नाग पंचमी के अवसर पर महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार नाग देवता को सांकेतिक रूप से दूध अर्पित कर पूजा की। मान्यता है कि नाग पंचमी के दिन नाग देवता की पूजा करने से परिवार में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहती है। इस अवसर पर कई घरों में तवे पर रोटी नहीं बनाई जाती, बल्कि पूड़ी और दाल-बाटी जैसे पारंपरिक व्यंजन तैयार किए जाते हैं।