भोपाल। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर वरिष्ठ नागरिक समिति, कोटरा सुल्तानाबाद, भोपाल के तत्वावधान में विवेकानंद पार्क, कोटरा में विशेष योगासन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों सहित आमजन को योग के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
योगासन का प्रशिक्षण एवं अभ्यास योग गुरु श्री जितेंद्र सिंह राठौड़ के मार्गदर्शन में कराया गया। कार्यक्रम में विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं स्वास्थ्यवर्धक गतिविधियों का अभ्यास कराया गया, जिससे उपस्थित प्रतिभागियों को योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी मिली। योगाभ्यास के दौरान स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में पूर्व पार्षद प्रदीप मोनू सक्सेना ,समिति के अध्यक्ष श्री रमेश जोशी, सचिव श्री आर.एस. सक्सेना , विपिन बिहारी वाजपेई , संतोष ब्रह्म भट्ट तथा श्री बलवीर सिंह कुशवाहा सहित समिति के पदाधिकारी, वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं, युवा एवं क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को स्वस्थ, तनावमुक्त और संतुलित जीवन प्रदान करती है।
योग गुरु जितेंद्र सिंह राठौड़ ने इस अवसर पर कहा कि योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सप्ताह भर “जन-जन योग, घर-घर योग” अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने नियमित योगाभ्यास को बेहतर स्वास्थ्य का आधार बताया। समिति के मोनू सक्सेना ने कहा कि वृद्धजनों के योगा से कई स्वास्थ्य लाभ मिल सकते हैं पार्क में रोजाना योगा करने के लिए वह शीघ्र व्यवस्था करवाएंगे । अध्यक्ष रमेश जोशी ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की एक समग्र जीवनशैली है। उन्होंने लोगों से प्रतिदिन योग करने, नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास करने और योग के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प लिया
Continue With Google
Comments (0)