भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि फर्जी खबरों के इस दौर में हमें अच्छी खबर बनकर उभरना होगा। पत्रकारिता में सत्ता का विरोध करना उचित है, लेकिन देश का विरोध कभी नहीं होना चाहिए। समाचारों के केंद्र में हमेशा राष्ट्रहित होना चाहिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय के प्रवेश सत्र-2026 के उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और मां सरस्वती, भारत माता तथा दादा माखनलाल चतुर्वेदी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने विश्वविद्यालय के प्रकाशनों "दो साधी साक्षी", वक्तर लैब की पत्रिका "मेन न्यूजरूम" और "इंडियन कैलिडोस्कोप" का विमोचन किया। साथ ही प्रतिभाशाली छात्राओं परिधि पुजारी, तमन्ना लश्कर और शिविका गुप्ता को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का एक मजबूत स्तंभ है और माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय आज देश के प्रमुख पत्रकारिता संस्थानों में अपनी अलग पहचान बना चुका है। यहां के विद्यार्थियों ने प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में देशभर में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान लेखकों और पत्रकारों ने निडर होकर सत्य का साथ दिया। स्वतंत्रता सेनानी विनायक दामोदर सावरकर के योगदान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पत्रकारिता समाज और राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम रही है। आपातकाल के दौरान भी समाचार पत्रों ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष किया और अपनी लेखनी के माध्यम से जनता की आवाज को बुलंद किया।

कार्यक्रम में कुलपति विजय मनोहर तिवारी ने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। प्रसिद्ध अभिनेता, लेखक और साहित्यकार पीयूष मिश्रा सहित देशभर से आए पूर्व छात्र भी कार्यक्रम में शामिल हुए। विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित "100 साल से 100 सुर्खियां" प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही